•संस्कृति यूनिवर्सिटी में दिग्गजों ने दिया सफलता का मंत्र।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। पुरानी धारणाओं को तोड़कर नए विचारों को अपनाने और बदलते समय के अनुरूप खुद को विकसित करने के संदेश के साथ संस्कृति विश्वविद्यालय के संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में ‘टेडएक्स संस्कृति यूनिवर्सिटी मथुरा-2026’ का भव्य आयोजन हुआ। ‘द आर्ट ऑफ अनलर्निंग’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता, उद्यमिता, मानसिक स्वास्थ्य, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी दिग्गज हस्तियों के साथ युवा प्रतिभाओं ने अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को नई दिशा दिखाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ब्रज-वृंदावन की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने जीवन की चुनौतियों का सामना करने, पुरानी मानसिक धारणाओं से बाहर निकलने और नए नजरिये के साथ आगे बढ़ने के महत्व पर विचार रखे। ‘आज तक’ के वरिष्ठ एंकर एवं एडिटर सुमित चौधरी ने “बिटवीन बुलेट्स एंड बॉम्ब्स, आई डिस्कवर्ड द मीनिंग ऑफ लाइफ” विषय पर युद्धग्रस्त क्षेत्रों में पत्रकारिता के अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि संकटग्रस्त परिस्थितियों ने उन्हें जीवन का वास्तविक अर्थ और अपने देश के प्रति नागरिकों के सम्मान का महत्व समझाया। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि जो काम करना है, उसे आज ही करने की सोच के साथ जीवन जीना चाहिए।
टॉपर्सकोड प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक एवं निदेशक डॉ. मानस पांडे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की कला पर प्रकाश डाला। विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति से सबकुछ छीना जा सकता है, लेकिन उसका ज्ञान कोई नहीं छीन सकता। ज्ञान बांटने से घटता नहीं, बल्कि बढ़ता है। मेडिकैश एवं नेक्सेरा हेल्थ के संस्थापक और सीईओ हिमांशु राजपुरोहित ने ‘टैंजेंट ऑफ टैंजिबिलिटी’ विषय पर विचार रखे, जबकि युवा उद्यमी शेरिल गुप्ता ने ‘प्लान बी इज द न्यू प्लान ए’ के माध्यम से बदलते समय में वैकल्पिक योजनाओं की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए प्रमाणपत्रों से अधिक कौशल मायने रखता है।
संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने ऐसे नेतृत्व संबंधी निर्णयों पर विचार रखे, जिनका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अवसरों का इंतजार करने के बजाय स्वयं अवसरों का निर्माण करने वाला बनने का आह्वान किया।
विजन दिव्यांग फाउंडेशन के संस्थापक मुकेश जी गुप्ता ने ‘चूज टू बी योरसेल्फ’ विषय के माध्यम से आत्मस्वीकृति और स्वयं को जानने का संदेश दिया। वहीं, विरॉक बाय टैटीवाल की मैनेजिंग पार्टनर अक्षरा टैटीवाल केडिया ने सामाजिक दायरों से बाहर निकलकर नई संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित किया।
होप एंड केयर सेंटर की प्रबंध निदेशक डॉ. अलका चड्ढा ने ‘बी ए रिवर, नॉट ए रॉक’ विषय के जरिए अहंकार त्यागकर मानवीय संबंधों को मजबूत बनाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पानी की तरह सहज और विनम्र रहना चाहिए, जो कठोर पत्थर को भी धीरे-धीरे बदलने की क्षमता रखता है।
दीक्षा लाइफ की संस्थापक डॉ. दीक्षा अवस्थी ने हमेशा अच्छा बने रहने के सामाजिक और मानसिक दबाव पर चर्चा की। इन्फिनिटी पर्सनैलिटी डेवलपमेंट की ग्लोबल सीईओ भावना जुनेजा ने पुरानी धारणाओं को तोड़ने और जरूरत पड़ने पर अस्वीकार करने का साहस विकसित करने पर जोर दिया। कलाकार एवं पूर्व सैन्य अधिकारी मोहम्मद अली शाह ने प्रेरक कहानी के माध्यम से युवाओं को हार के डर से प्रयास नहीं छोड़ने का संदेश दिया। नन्हे वक्ताओं की प्रतिभा ने बटोरीं खूब तालियां
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण युवा एवं बाल वक्ताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियां रहीं। सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल की कक्षा पांच के छात्र दर्श अग्रवाल ने ‘द इनविजिबल बैगेज वी कैरी’ विषय पर अपनी परिपक्व सोच और बेबाक अंदाज से श्रोताओं को प्रभावित किया। वहीं, संस्कृति विश्वविद्यालय की फॉरेंसिक साइंस की स्नातक छात्रा गुनगुन विश्वासी ने सफलता की तरह असफलता को भी जीवन का सामान्य हिस्सा मानकर स्वीकार करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान तीन अलग-अलग चरणों में सभी आमंत्रित वक्ताओं को संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता एवं डीन डॉ. रेनू गुप्ता ने स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


