•मृतक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
मथुरा। छाता थाना क्षेत्र के गांव तरौली जनूबी में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय सुल्तान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई शेरा ने गांव के ही पांच लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छह महीने पहले दिए थे नौ हजार रुपये उधार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुल्तान ने करीब छह महीने पहले विक्रम नामक व्यक्ति को नौ हजार रुपये उधार दिए थे। इसी रकम के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम करीब सात बजे यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान सुल्तान पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
मारपीट में गंभीर रूप से घायल सुल्तान को उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर छाता थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक के भाई शेरा ने गांव के सुनील, राहुल, राजा, विक्की और विष्णु पर लाठी-डंडों से हमला कर सुल्तान की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


