संतकबीरनगर / बेलहर। विकासखंड बेलहर की ग्राम पंचायत रमवापुर में आज दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को सोशल ऑडिट टीम के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्री देवेन्द्र प्रताप तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों ने मनरेगा में भारी अनियमितता का मामला उजागर किया।
खुली बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि:
1. बिना मुख्यमंत्री आवास दिए ही मजदूरी का भुगतान निकाल लिया गया।
2. मनरेगा रजिस्टर और मस्टररोल सत्यापन हेतु टीम को उपलब्ध नहीं कराए गए।
3. पत्रावली सत्यापन हेतु सोशल ऑडिट टीम को उपलब्ध नहीं कराई गई।
4. वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए कच्चे कार्यों पर कहीं भी जन सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया और सैकड़ों श्रमिकों के जॉब कार्डों का नवीनीकरण लंबित है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान श्याम जी यादव (सपा नेता) और रोजगार सेवक की मिलीभगत से सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है।
सोशल ऑडिट के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर देवेन्द्र प्रताप तिवारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से नोट किया और आश्वासन दिया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी संतकबीरनगर से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है


