•24-25 अक्टूबर को हैदराबाद में जुटेंगी देशभर की महिला पत्रकार, पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों पर होगा मंथन।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) के नेतृत्व में 24 और 25 अक्टूबर को हैदराबाद में राष्ट्रीय महिला पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए मथुरा की महिला पत्रकार शिवांगी चौधरी और सीमा शर्मा हैदराबाद के लिए रवाना हो गई हैं। दोनों पत्रकार उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से सम्मेलन में प्रतिनिधित्व करेंगी।
सम्मेलन की मेजबानी आईजेयू की तेलंगाना इकाई, तेलंगाना स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (टीयूडब्ल्यूजे) करेगी। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में देश के करीब 26 राज्यों से 113 महिला पत्रकारों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा तेलंगाना की लगभग 80 महिला पत्रकार भी इसमें भाग लेंगी।
महिला पत्रकारों की चुनौतियों पर होगी चर्चा
दो दिवसीय सम्मेलन में महिला पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान, मीडिया क्षेत्र में हो रहे बदलाव, डिजिटल मीडिया के प्रभाव और महिला पत्रकारों के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं की भागीदारी और ट्रेड यूनियनवाद से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों की राष्ट्रीय स्तर की जानी-मानी हस्तियों को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है। यह आयोजन हैदराबाद के बेगमपेट स्थित टूरिज्म प्लाजा होटल में होगा।
सम्मेलन का उद्देश्य महिला पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाने, उनके अनुभव साझा करने और पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को और सशक्त बनाने पर विचार करना है।


