•रमेश सैनी बोले- 9 अक्टूबर से घर में नजरबंद, पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं आया।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के नेता और बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के पूर्व महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने मथुरा पुलिस पर उन्हें घर में नजरबंद करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह गरीबों, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों की आवाज उठाने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सदर पुलिस ने उन्हें घर से बाहर जाने से रोक दिया।
रमेश सैनी के अनुसार, उन्हें नौ अक्तूबर से घर में नजरबंद किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई बहुजन समाज की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार देता है।
सैनी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाले नहीं हैं और अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। रमेश सैनी को किस आधार पर रोका गया और उन्हें कब तक घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी, इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।


