•जोनल, सेक्टर, माइक्रो ऑब्जर्वर और पीठासीन अधिकारियों को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर
बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल, सेक्टर, माइक्रो ऑब्जर्वर और पीठासीन अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में निर्वाचन कार्मिकों को उनके दायित्वों और मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्वाचन कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से प्राप्त करें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण मतदेय स्थलों पर मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि बस्ती जिले में कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2045 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा।
मतदान प्रक्रिया की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. विजय यादव ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान अधिकारियों के दायित्वों और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने मतदान सामग्री की जांच एवं सुरक्षा, मतदाता सूची, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतपेटिका तैयार करने, बैलेट बॉक्स खोलने और सील करने, मतपत्र लेखा तैयार करने तथा मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया समझाई। इसके अलावा मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के तरीके भी बताए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रद्युम्न कुमार, अहमद फरीद खान, रश्मि यादव, उमाकान्त तिवारी और हिमांशु कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार गुप्ता, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, एडीईओ सुभाष सिंह, खंड विकास अधिकारी तथा अन्य निर्वाचन कार्मिक भी उपस्थित रहे।


