•विंध्य क्षेत्र की धरती प्राचीन काल से ही अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, लोकगीत एवं लोक परंपराओं के लिए रही है प्रसिद्ध —मा0 सदस्य विधान परिषद
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। विंध्य क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मां विंध्यवासिनी देवी धाम, विंध्याचल में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित नौ दिवसीय विंध्य महोत्सव के द्वितीय दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मा० सदस्य विधान परिषद श्री श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर मा० सदस्य विधान परिषद ने उपस्थित कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा कि विंध्य क्षेत्र की धरती प्राचीन काल से ही अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, लोकगीत एवं लोक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध रही है। यहां की कला और संस्कृति हमारी पहचान है, जिसे संरक्षित एवं संवर्धित करना हम सभी का दायित्व है। कलाकार अपनी प्रतिभा और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को जोड़ने तथा हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि विंध्य महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ अन्य प्रदेशों से आए कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोककला को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ आपसी सद्भाव, सांस्कृतिक एकता एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी कलाकार अपनी कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने में निरंतर योगदान दें, ताकि जनपद मीरजापुर की सांस्कृतिक पहचान प्रदेश एवं देश में और अधिक सुदृढ़ हो सके।
विंध्य महोत्सव के द्वितीय दिवस आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने विंध्य क्षेत्र की लोकसंस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कोलकाता की देवयानी वसु एवं नमाली घोष ने भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुति दी।
वहीं जनपद मीरजापुर के विष्णु प्रजापति, सुरेश मौर्य, देवी प्रसाद, रामनारायण, प्रीतू, शिलू, शिवलाल गुप्ता, निर्मला प्रजापति, सरिता, कीर्ति, अमित दूबे एवं खुशबू दूबे ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अतिरिक्त भदोही के सुरेश लाल यादव, सोनभद्र के महेंद्र कुमार, वाराणसी की वरन्या सिन्हा तथा नूपुरवाणी नृत्य एकेडमी की टीम ने भी अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
विंध्य महोत्सव के मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों एवं उनकी टीम को मा० सदस्य विधान परिषद श्री श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह तथा डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद ने मां विंध्यवासिनी का चित्र, चुनरी एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद, विन्ध्य धाम तीर्थ विकास परिषद से रूपेश श्रीवास्तव, अजू मौर्या सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।
आज भी होंगी लोकगीत एवं भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां
विंध्य महोत्सव के मंच पर आज दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को विभिन्न जनपदों एवं प्रदेशों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें मीरजापुर के अमरनाथ शुक्ला, राम मिलन, हरिश्चन्द्र, महेंद्र कुमार, राम प्रसाद, संजय सुरीला, संजू तिवारी एवं दिनेश कुमार मौर्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त प्रयागराज के दीपेन्द्र जागरण ग्रुप एवं प्रतिज्ञा, भदोही के माता सीता संस्कृति धरोहर ग्रुप, लखनऊ के आदर्श मिश्रा, रायबरेली के राजू रंगीला, कानपुर की क्रांतिमाला तथा बाराबंकी के सरोज श्रीवास्तव द्वारा लोकगीतों एवं भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विंध्य महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों को मंच प्रदान करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।


