विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक, डीएम कार्यालय को 27 अक्टूबर तक भेजने होंगे प्रस्ताव।
संत कबीर नगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी एवं उप जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार की उपस्थिति में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
1200 मतदाताओं के आधार पर होगा मतदेय स्थलों का संभाजन
उप जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 16 से 18 अक्टूबर तक मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए भवनों का चिह्नीकरण किया जाएगा। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर को सांसदों, विधायकों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्राप्त शिकायतों और सुझावों का निस्तारण करते हुए सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को मतदेय स्थलों से संबंधित प्रस्ताव सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदन के लिए भेजे जाएंगे।
बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग करने तथा मतदेय स्थलों के निर्धारण में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों को निर्धारित समय के भीतर प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गई।
इस अवसर पर सपा के पूर्व प्रदेश सचिव रामदरश यादव, बसपा जिला सचिव अभिषेक कुमार, आम आदमी पार्टी के सौम्येंद्र प्रताप श्रीवास्तव, कांग्रेस जिला सचिव सहर आलम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हैदर अब्बास तथा सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।


