तारकोल की बढ़ी कीमतों से परेशान ठेकेदार, समाधान की मांग को लेकर मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

बस्ती। मार्ग निर्माण कार्यों में प्रयुक्त होने वाले तारकोल (बिटुमिन) की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि से ठेकेदारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को बस्ती ठेकेदार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजमोहन सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं ठेकेदारों ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता आनन्द कुमार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन अध्यक्ष राजमोहन सिंह एवं महामंत्री राजमणि सिंह ने बताया कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे वैश्विक तनाव के कारण बिटुमिन की दरों में लगातार अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है। इस संबंध में पूर्व में भी विभाग को अवगत कराते हुए राहत की मांग की गई थी, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट के चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ठेकेदारों ने बताया कि जानकारी मिली है कि 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक बढ़ी हुई बिटुमिन दरों का भुगतान अनुबंधित ठेकेदारों को किया जाएगा, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई लिखित सूचना जारी नहीं की गई है। इसके अलावा एक किलोमीटर या उससे कम लंबाई के कार्यों का अनुबंध लेने वाले छोटे ठेकेदारों को बिटुमिन की सीआरसी मिलने में भी परेशानी हो रही है।

एसोसिएशन ने मांग की कि छोटे ठेकेदारों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही सुझाव दिया कि लोक निर्माण विभाग अपने स्टोर को पुनर्जीवित कर वहां से फ्री ऑफ कॉस्ट तारकोल उपलब्ध कराए तथा अनुबंधित दरों से उसकी कटौती कर विकास कार्यों को सुचारु रूप से जारी रखने में सहयोग करे।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मुख्य अभियंता आनन्द कुमार ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा।

इस दौरान एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जर्नादन पाठक, उपाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह, रामफेर यादव, आशीष सिंह ‘आशू’, विजय यादव, रविन्द्र प्रताप सिंह, गोरख यादव, आशुतोष पाण्डेय, दिनेश श्रीवास्तव, विनोद चौधरी, भानु प्रताप सिंह, अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं ठेकेदार मौजूद रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *