22 मई से 20 जून तक चलेगा मकान सूचीकरण एवं गणना अभियान
मथुरा। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस) का कार्य जनपद में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान का विस्तृत विवरण संकलित कर रहे हैं।
सर्वेक्षण के दौरान मकानों की नंबरिंग, भवन की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पर हुआ जनगणना कार्य
इसी क्रम में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर में जनगणना का कार्य संपन्न कराया गया। इस दौरान प्रगणक कुसुम लता (आंगनबाड़ी), सुपरवाइजर संतोष भारद्वाज (अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी) तथा राकेश कुमार त्यागी (सहायक नगर आयुक्त) की उपस्थिति में भगवान श्रीकृष्ण जी के जन्मस्थान को जनगणना मकान संख्या प्रदान की गई।
जनपद के विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी मकानों एवं भवनों की गणना तथा क्रमांकन की कार्यवाही संपादित की गई।
स्वगणना के आंकड़ों का भी किया जा रहा सत्यापन
विभिन्न सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों द्वारा स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के अंतर्गत भरे गए आंकड़ों की पुष्टि की जा रही है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपन्न कराया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।
98 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 9 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात
जनगणना कार्य की समीक्षा एवं निगरानी के लिए जिले में 98 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 9 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में कुल 4773 मकान सूचीकरण ब्लॉक बनाए गए हैं। कार्य संपादन के लिए लगभग 4600 प्रगणक एवं 770 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं।
जनगणना निदेशालय लखनऊ की ओर से श्री मृगेंद्र बहादुर सिंह को जिला प्रभारी तथा श्री अभिषेक पांडे को सह जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
समस्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया है कि जनगणना कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपन्न कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी घर गणना से वंचित न रहे तथा किसी मकान का दोहराव न हो।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
विकास योजनाओं का आधार बनेंगे आंकड़े
प्रशासन के अनुसार जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
