•प्रतिकर वितरण एवं आरओबी निर्माण में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में खलीलाबाद-बांसी नई रेल लाइन परियोजना से प्रभावित भूमि के प्रतिकर वितरण एवं परियोजना कार्य में आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने परियोजना कार्य में उत्पन्न हो रही बाधाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवशेष गाटाओं एवं भूमियों के अंश निर्धारण तथा लंबित प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित भू-स्वामियों से प्रतिकर भुगतान हेतु आवश्यक दस्तावेज, जैसे फार्म सीसी, बैंक खाता विवरण, आधार कार्ड एवं फोटो आदि उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर प्रस्तावित आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
बैठक में उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, उप जिलाधिकारी मेहदावल अरुण कुमार, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा तथा रेलवे विभाग के उप मुख्य अभियंता/निर्माण/सामान्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।