•गायघाट, कुदरहा, बनकटी और बहादुरपुर मार्ग पर सरकारी बसें चलाने की मांग
बस्ती। कांग्रेस आरटीआई विभाग की जिला चेयरमैन सुमन यादव ‘गुड्डन’ ने परिवहन मंत्री एवं जिलाधिकारी से बस्ती मुख्यालय से गायघाट, कुदरहा, बनकटी और बहादुरपुर मार्ग पर परिवहन निगम की बसों का संचालन शुरू कराने की मांग की है।
सुमन यादव ने कहा कि गायघाट, कुदरहा, बनकटी और बहादुरपुर नगर पंचायत क्षेत्र होने के बावजूद इन मार्गों पर परिवहन निगम की बस सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण स्थानीय नागरिकों को ब्लॉक मुख्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि बस सेवा न होने से लोगों को मजबूरी में निजी वाहनों से यात्रा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें अधिक किराया देना पड़ता है। खासकर बीमार मरीजों, प्रसूता महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर परेशानियां होती हैं।
सुमन यादव ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि संबंधित नगर पंचायतों को परिवहन निगम की सेवाओं से जोड़ते हुए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुलभ और सुविधाजनक यातायात सुविधा मिल सके।