उद्योग बंधु बैठक में ओवरब्रिज सर्विस रोड, जलभराव व औद्योगिक समस्याओं पर हुई चर्चा।

Spread the love

सीतापुर। शासन द्वारा गठित जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद की औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बिजावर रेलवे क्रॉसिंग पर बने ओवरब्रिज के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड की कम चौड़ाई के कारण सेठिया मिल के भारी वाहनों के आवागमन में हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया गया। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड, सीतापुर ने बताया कि सर्विस रोड एवं नाले के निर्माण हेतु वर्ष 2025-26 में भूमि अधिग्रहण सहित 14 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे अधिक मुआवजा राशि के कारण अस्वीकृत कर दिया गया। इसके बाद 7.97 करोड़ रुपये का संशोधित प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया, जिसे निरस्त कर दिया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में नगर विकास राज्य मंत्री की संस्तुति के साथ पुनः 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है।

बैठक में उद्यमी विजय बंसल एवं महेंद्र अग्रवाल ने मानसून को देखते हुए औद्योगिक संस्थान सराय मलुही से रेलवे क्रॉसिंग तक नाले की सफाई कराने की मांग उठाई, ताकि इंडस्ट्रियल स्टेट में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

इसके अलावा बिजवार से लखनऊ रोड तक सीतापुर महायोजना-2031 में हरित पट्टी घोषित किए जाने के कारण पुरानी औद्योगिक इकाइयों के विस्तार एवं नक्शा पास न होने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने उद्यमियों से लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा, ताकि उसे शासन को संदर्भित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं है।

बैठक में मधु इंडिया, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) मार्जिन मनी योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं जीबी-5 योजना की समीक्षा भी की गई।

उद्योग बंधु बैठक के पश्चात एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की समीक्षा की गई। इस दौरान दरी उद्योग के प्रचार-प्रसार एवं विकास के लिए आईआईएफटी कोलकाता के साथ जिलाधिकारी द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

बैठक में आईआईएफटी कोलकाता के प्रतिनिधि, अपर जिलाधिकारी, विजय बंसल, संजीव अग्रवाल, संजय बंसल, महेंद्र अग्रवाल सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *