वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर चला 11 किमी लंबा स्वच्छता महाअभियान, अधिकारियों और संतों ने किया श्रमदान।

Spread the love

मथुरा/वृंदावन। ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान के अंतर्गत रविवार को वृंदावन के 11 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। परिक्रमा मार्ग को 11 सेक्टरों में विभाजित कर प्रशासन, पुलिस, संत समाज, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छ ब्रज का संदेश दिया।

सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चले अभियान में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह, परिषद के एसीईओ राजीव पाण्डेय, सीओ सदर वरुण मिश्रा, अपर नगर मजिस्ट्रेट राजकुमार चौधरी सहित अनेक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर और कूड़ा उठाकर श्रमदान किया।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने परिक्रमा मार्ग स्थित दुकानदारों, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों से स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखने का भी आग्रह किया।

अभियान में हार्टफुलनेस फाउंडेशन, उज्ज्वल ब्रज, नगर निगम, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, संत समाज, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। स्वयंसेवकों ने परिक्रमार्थियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता संबंधी पत्रक वितरित कर गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण अपनाने के लिए जागरूक किया।

स्वच्छता अभियान से पूर्व गीता शोध संस्थान के ओपन एयर थिएटर में हार्टफुलनेस फाउंडेशन के तत्वावधान में ध्यान शिविर एवं आध्यात्मिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ध्यान, प्रेम, हृदय से जुड़ाव और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर विचार साझा किए गए।
इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ब्रज की स्वच्छता का यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी का एक व्यापक जनआंदोलन है।

उन्होंने कहा कि जब संत समाज, प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक मिलकर कार्य करेंगे, तभी ब्रज का प्राकृतिक और आध्यात्मिक वैभव सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने इसे ठाकुरजी की सच्ची सेवा बताते हुए सभी स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

अभियान में जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति डॉ. अनूप गुप्ता, रजिस्ट्रार ए.के. सिंह, केडी मेडिकल कॉलेज के एमडी मनोज अग्रवाल, उमा मोटर्स के निदेशक पवन चतुर्वेदी, के-संस के निदेशक सुरेश कौशिक, राम अग्रवाल तथा उज्ज्वल ब्रज के सचिव अनंत शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी विभिन्न सेक्टरों में श्रमदान कर स्वच्छ ब्रज अभियान को समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *