•अध्यक्ष जगत जायसवाल ने ईदगाहों पर साफ-सफाई व बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने नगर क्षेत्र स्थित विभिन्न ईदगाहों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईदगाह परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आसपास की स्वच्छता की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। अध्यक्ष ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बकरीद के अवसर पर आने वाले नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से ईदगाहों के आसपास सफाई अभियान तेज करने, नालियों की सफाई कराने तथा खराब पड़ी बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों से कहा कि त्योहार के दौरान नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक होते हैं तथा प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान सभासद असलम अंसारी, नगर पालिका कर्मचारी उमेश, पंकज एवं भोलू, अब्दुल्लाह खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।