सहजनवा। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के सराय चांदपार निवासी एक युवती ने कथित रूप से लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। मामले में युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय चांदपार निवासी किरन देवी पत्नी विनोद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री करिश्मा की सगाई कुछ समय पूर्व संतकबीरनगर जनपद के हरिहरपुर निवासी सूरज के साथ हुई थी। किसी कारणवश दोनों पक्षों के बीच सगाई टूट गई थी।
आरोप है कि सगाई टूटने के बाद वंदना पुत्री लालमुनि, उसकी मां राजपति पत्नी लालमुनि (दोनों निवासी हरिहरपुर, संतकबीरनगर) तथा अरुण निवासी सराय चांदपार ने करिश्मा पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
तहरीर के अनुसार आरोपितों ने करिश्मा से कहा कि यदि वह उनके देवर राज से विवाह नहीं करती है तो उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर वायरल कर दिए जाएंगे। साथ ही उसे जान-माल की धमकियां भी दी गईं।परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर करिश्मा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि किरन देवी की तहरीर के आधार पर वंदना, राजपति और अरुण के खिलाफ बीएनएस की धारा 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि युवती का उपचार जारी है तथा चिकित्सीय रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।