•लखनऊ के हजरतगंज से होगी शुरुआत, पत्रकारिता की साख बचाने के लिए सभी मीडिया कर्मियों से जुड़ने की अपील।
लखनऊ। फर्जी पत्रकारों तथा अवैध रूप से “प्रेस” लिखे वाहनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) ने 30 जुलाई से प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की घोषणा की है। अभियान का शुभारंभ 30 जुलाई को प्रातः 10 बजे राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे से किया जाएगा।
समिति के संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह अभियान वास्तविक और निष्पक्ष पत्रकारों के विरुद्ध नहीं है, बल्कि पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियां करने वाले तथा फर्जी पहचान का दुरुपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि अभियान में समिति के पदाधिकारियों के साथ प्रदेशभर के प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
समिति के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पत्रकारिता की साख को मजबूत करना, फर्जी पत्रकारों पर अंकुश लगाना तथा समाज में जिम्मेदार, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को बढ़ावा देना है।