चोरी की वारदातों का खुलासा: बलदेव पुलिस ने 7 शातिर चोर दबोचे, चोरी का सामान, वाहन और तमंचा बरामद।

Spread the love

मथुरा। थाना बलदेव पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक शिफ्ट गाड़ी, इन्वर्टर, बैटरी, तीन मोटरसाइकिलें, विद्युत मोटर, बिजली के केबिल, छह मोबाइल फोन, नकदी और एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब 12:30 बजे माइलस्टोन-124 के सर्विस रोड स्थित 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर ग्राम हथौड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान सज्जू उर्फ सरजू, दीपक, सोनू, दीपक उर्फ गूंगा (गुड्डू), नरेश, मौसिम और आशीष को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से UP-85 CM-9288 नंबर की शिफ्ट गाड़ी, एक्साइड सोलाट्यूबुलर बैटरी, सोलर हाइब्रिड यूपीएस इन्वर्टर, तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, विद्युत मोटर, बिजली के केबिल, छह मोबाइल फोन और 3,240 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी दीपक के पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की विभिन्न घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और विद्युत अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

थाना बलदेव पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *