विकास योजनाओं की समीक्षा में डीएम सख्त, एक वर्ष की कार्ययोजना और स्पष्ट लक्ष्य तय करने के निर्देश।

Spread the love

महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आगामी एक वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, पशुपालन, वन विभाग, मनरेगा तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी परिणाम के रूप में प्रदर्शित करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के आंकड़ों का गहन अध्ययन कर कमजोर क्षेत्रों की पहचान करने तथा उनमें सुधार के लिए विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मिशन कायाकल्प के तहत सभी परिषदीय विद्यालयों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने, नामांकन बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता, पुस्तकालय, खेलकूद और डिजिटल शिक्षण संसाधनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

मनरेगा और ग्राम्य विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्मित परिसंपत्तियों का भौतिक सत्यापन कराने तथा उन्हें पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। साथ ही परफॉर्मेंस ग्रांट प्राप्त ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने और एक माह के भीतर ग्राम पंचायतवार विकास प्रस्तुतीकरण तैयार करने को कहा।

पंचायतीराज विभाग को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिटों को शीघ्र पूरा कर संचालन शुरू कराने पर भी जोर दिया गया।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में डीएम ने मधवलिया गोसदन को जनपद का आदर्श गोसदन बनाने, निराश्रित गोवंशों के संरक्षण, चारे की उपलब्धता और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। वहीं एनआरएलएम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज, स्वरोजगार, विपणन और कौशल विकास से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर बल दिया।

वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा में पौधारोपण से पूर्व गड्ढों की खुदाई समय से पूर्ण करने तथा पौधों की सुरक्षा और जीवितता प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभाग को कम से कम एक नवाचारी पहल लागू करने तथा योजनाओं का मूल्यांकन आमजन को मिलने वाले वास्तविक लाभ के आधार पर करने की बात कही।

बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने विकास भवन परिसर का निरीक्षण कर नवनिर्मित सभागार को शीघ्र क्रियाशील करने और परिसर को स्वच्छ, हरित एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे राजेंद्र, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, उपायुक्त मनरेगा गौरवेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *