•अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अनधिकृत ई-रिक्शा पर चलेगा अभियान, उच्चस्तरीय बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा एवं वृंदावन की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बीते दिवस गीता शोध संस्थान, वृंदावन स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वृंदावन में चार टीमों का होगा गठन
बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने निर्देश दिए कि वृंदावन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चार संयुक्त टीमें गठित की जाएं। इन टीमों में पुलिस, नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग तथा स्थानीय समाजसेवियों को शामिल किया जाएगा।
पहली टीम छटीकरा चौराहे से रमण रेती चौकी, दूसरी टीम रमण रेती चौकी से जुगल घाट, तीसरी टीम रमण रेती चौकी से केशी घाट तथा चौथी टीम परिक्रमा मार्ग एवं अन्य क्षेत्रों में कार्य करेगी। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माण व कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई करने, अनधिकृत पार्किंग समाप्त कराने तथा गलत तरीके से खड़े वाहनों का चालान और हटाने का कार्य करेंगी।
दैनिक समीक्षा और फोटोयुक्त रिपोर्ट के निर्देश
अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत ने निर्देश दिए कि गठित टीमों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए तथा अभियान की फोटोयुक्त रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात सुधार अभियान को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को वेंडिंग जोन में किया जाएगा स्थानांतरित
मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने निर्देश दिए कि यातायात बाधित करने वाले क्षेत्रों को रेहड़ी, पटरी एवं ठेला मुक्त बनाते हुए संबंधित व्यापारियों को निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाए, जिससे आमजन एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।
बार-बार नियम तोड़ने वाले ई-रिक्शा चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने अवैध एवं अनधिकृत ई-रिक्शा संचालन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत को निर्देशित किया कि जिन ई-रिक्शा चालकों के पांच बार चालान हो चुके हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। वहीं, इससे अधिक बार चालान होने पर उनके पंजीकरण निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही की जाए।
चारों टीमों की निगरानी के लिए अधिकारी नामित
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने वृंदावन के लिए गठित चारों टीमों की निगरानी एवं समन्वय का दायित्व अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी तथा क्षेत्राधिकारी सदर पी.पी. सिंह को सौंपते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त सी.पी. पाठक, अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।