महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर एवं रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को मंदिर परिसर में सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया गया, जहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पाथवे निर्माण तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए।
रामग्राम परियोजना के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा परियोजना की अगली किश्त जारी कराने के लिए पर्यटन विभाग से आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन सरोवर की गहराई बढ़ाने के लिए अतिरिक्त खुदाई कराने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि 7.14 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना का निर्माण यूपीपीसीएल द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत कैफेटेरिया, डॉरमेट्री, मेडिटेशन हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, सरोवर सुंदरीकरण समेत विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जूनियर इंजीनियर सुनील मौर्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।