सीतापुर। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में आयोजित जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक में उपभोक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में परिषद के सदस्य मनोज मिश्र (महोली) ने ग्रामीण एवं शहरी उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए और उनके समाधान की मांग की।
मनोज मिश्र ने कहा कि आंधी और बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विद्युत विभाग को हर स्थिति में शीघ्र बिजली बहाल करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही दुकानों पर तौल के दौरान उपभोक्ताओं से डिब्बों एवं पैकिंग सामग्री का मूल्य भी वस्तु के वजन में जोड़कर वसूले जाने की शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई।इसके अलावा मंदिरों के आसपास पूजा में उपयोग होने वाले घी के नाम पर कथित रूप से नकली देसी घी की बिक्री पर रोक लगाने और ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का विषय भी बैठक में रखा गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद, विद्युत आपूर्ति, तौल व्यवस्था और खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए सघन जांच अभियान चलाने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।