मंगलायतन विश्वविद्यालय में कंप्यूटर फंडामेंटल्स फॉर टुडेज प्रोफेशनल्स पुस्तक का विमोचन।

Spread the love

अलीगढ़। आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता और ऑफिस ऑटोमेशन कौशल कार्यस्थल पर उत्पादकता और पेशेवर विकास के लिए अनिवार्य उपकरण बन चुके हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंगलायतन विश्वविद्यालय के कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लिकेशंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अर्शिल नूर द्वारा लिखित पुस्तक कंप्यूटर फंडामेंटल्स फॉर टुडेज प्रोफेशनल्स का विमोचन किया गया। कुलपति प्रो. पीके दशोरा सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुस्तक का विमोचन किया।

कुलपति ने लेखक को बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक तकनीकी और गैर-तकनीकी, दोनों ही पृष्ठभूमि के शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। पुस्तक में कंप्यूटर के विकास, उसकी विशेषताओं, आंतरिक घटकों, डेटा और सूचना की अवधारणाओं के साथ इनपुट-आउटपुट डिवाइस, स्टोरेज तकनीक और ऑपरेटिंग सिस्टम जैसे मूलभूत विषयों को सरल और व्यावहारिक दृष्टिकोण से समझाया गया है।

कुलसचिव मनोज के. और परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि यह पुस्तक विद्यार्थियों और पेशेवरों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है जो आधुनिक डिजिटल कार्यस्थलों के अनुकूल स्वयं को तैयार करना चाहते हैं।

इंजीनियरिंग संकाय के निदेशक प्रो. राजेश उपाध्याय और विभागाध्यक्ष डा. लव मित्तल ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक निश्चित रूप से विद्यार्थियों की कार्यकुशलता और कंप्यूटर ज्ञान को नया आयाम देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *