मथुरा। बरसाना मार्ग पर परिवहन निगम की बसों में यात्रियों को बिना टिकट यात्रा कराने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक बस में नौ यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जिस पर संबंधित परिचालक पर 4478 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) मदन मोहन शर्मा ने विभागीय कर्मचारियों के साथ गोवर्धन-बरसाना मार्ग पर भगोसा गांव के निकट परिवहन निगम की बस को रोककर जांच की। चेकिंग के दौरान बस में कुल 72 यात्री सवार मिले, जिनमें से 63 यात्रियों के पास वैध टिकट थे, जबकि नौ यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहे थे।
एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि संबंधित परिचालक के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं। उसे कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन सुधार न होने पर जांच के दौरान दोषी पाए जाने पर जुर्माना लगाया गया। मामले की रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को भी भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि परिवहन निगम के नियमों के अनुसार बस को गंतव्य के लिए रवाना होने से पहले शहर अथवा शहर की सीमा के भीतर सभी यात्रियों के टिकट जारी कर दिए जाने चाहिए। जबकि जांच के समय बस शहर की सीमा से लगभग 31 किलोमीटर आगे पहुंच चुकी थी और फिर भी नौ यात्रियों के टिकट नहीं बने थे।
वहीं, परिचालक मोहन ने अपने बचाव में कहा कि संबंधित यात्री नींवगांव से बरसाना जाने के लिए बस में सवार हुए थे और वह लगातार टिकट जारी कर रहा था। टिकट ई- मशीन में दर्ज रिकॉर्ड इसकी पुष्टि करता है तथा टिकट बनाने में कहीं भी अनावश्यक समय अंतराल नहीं है।
परिचालक का कहना है कि इस मामले को लेकर चेकिंग दल के साथ काफी बहस भी हुई, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।फिलहाल परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद निगम के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।