प्रेमी से मिलने गई किशोरी चार दरिंदों ने किया दुष्कर्म।

Spread the love

गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र के घघसरा चौकी अंतर्गत एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक किशोरी के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने और उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। दरिंदों ने न सिर्फ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, बल्कि पीड़िता के मोबाइल पर ही घटना का वीडियो भेजकर उसे डराने का प्रयास भी किया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

प्रेमी संग गई थी सीवान, चार दरिंदों ने घेरा किया दुष्कर्म

सहजनवा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। करीब पांच दिन पहले दोनों गांव के सीवान खेतों की तरफ मिलने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां चार अन्य युवक पहुंच गए। उन्होंने किशोरी और उसके प्रेमी को बंधक बना लिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने किशोरी के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया।

वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी
​वारदात के वक्त आरोपियों ने अपने मोबाइल से इस हैवानियत का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। गैंगरेप के बाद आरोपियों ने पीड़िता को मुंह खोलने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की सीधी धमकी दी। डर और लोक-लाज के भय से पीड़िता सहम गई और उसने कई दिनों तक परिजनों को कुछ नहीं बताया।

मोबाइल पर वीडियो आते ही खुला राज

हौसले बुलंद आरोपी शनिवार की रात तब सारी हदें पार कर गए, जब उन्होंने वही गैंगरेप का वीडियो पीड़िता के ही मोबाइल नंबर पर भेज दिया। अपने साथ हुई दरिंदगी का वीडियो देख किशोरी बुरी तरह डर गई और रोने लगी। घबराहट में उसने पूरी आपबीती अपने परिजनों को सुनाई।

पुलिस जांच में जुटी, मेडिकल की तैयारी

​वीडियो देखने के बाद आक्रोशित परिजनों ने तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी और सहजनवा थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ रात में ही गांव पहुंचे। जांच के दौरान पीड़िता ने पुलिस को वह वीडियो दिखाया और चारों आरोपियों की पहचान करते हुए उनके नाम बताए।

पुलिस पीड़िता को अपने साथ थाने ले आई है, जहां से उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी पुलिस ने अब तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर केस दर्ज नहीं किया है।

क्या कहती है पुलिस?

इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) गीडा, योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *