सिद्धार्थनगर। रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक एवं किसान कांग्रेस की संयुक्त बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश और प्रदेश की जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाली पार्टी है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनसमस्याओं को उठाने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत बनाने में जुटें।
किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान आज महंगाई, बढ़ती लागत और कृषि संबंधी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों और उनके हितों की लड़ाई निरंतर लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने तथा कांग्रेस की किसान हितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश सचिव डॉ नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा, दलित कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ प्रमोद कुमार, मोबीन खान, हृषीकेश मिश्रा, होरी लाल श्रीवास्तव, सुदामा प्रसाद, संतोष चौधरी, जुबैर खान, अकरम अली, हरि शंकर त्रिपाठी, शौकत अली, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।