बस्ती। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने गन्ना विकास सर्वोदय इंटर कॉलेज, मुंडेरवा स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों को समय से पूर्व प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र के साथ केंद्र पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था का भी परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान नकल अथवा किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के प्रयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।