रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। थाना मिश्रिख पुलिस ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन देकर कथित रूप से अवैध धर्मांतरण कराने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए जा चुके मुख्य आरोपी सुरेंद्र कुमार सिंह उर्फ फादर सुरेंद्र मसीह से जुड़े मामले में की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश चंद्र निवासी हरगांव (सीतापुर), कमलेश कुमार निवासी रामापुर (खीरी), श्रवण कुमार निवासी सुंदरवल (खीरी) तथा अरुण एशुदाशन निवासी भीरा (खीरी), मूल निवासी केरल, शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वर्ष 2002 से कानपुर निवासी जोनाथन जोशुआ उर्फ जॉनी सर द्वारा संचालित कथित ‘सेंट्रल यूपी मिशन’ से जुड़े हुए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुरेश चंद्र ने अपने घर पर ही एक चर्च स्थापित कर रखा था, जहां धार्मिक गतिविधियां संचालित की जाती थीं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार स्मार्टफोन, 529 धार्मिक प्रचार-प्रसार से संबंधित पुस्तकें तथा 151 प्रचार पर्चे बरामद किए हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।