होटलों में फायर सेफ्टी जांच के दौरान मिलीं खामियां, ऑटो मोड पर नहीं चला सिस्टम।

Spread the love

दमकल विभाग ने जारी किए सुधार के निर्देश, नोटिस भेजने की तैयारी

मथुरा। वृंदावन में हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर हुई आगजनी की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में टीम ने नगर के प्रमुख होटलों का निरीक्षण कर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं, जिसके बाद संबंधित होटल संचालकों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

शुक्रवार को सीएफओ अरुण कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ बेस्ट वेस्टर्न होटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बेसमेंट में स्थापित फायर सॉफ्ट के पास लगा गेट आवागमन में बाधा उत्पन्न करता पाया गया। वहीं बेसमेंट में कार्यक्रमों के लिए हॉल संचालित होता मिला। होटल की रसोई में भी अव्यवस्था दिखाई दी। वहां अग्निशमन सिलेंडर तो मौजूद थे, लेकिन कई ज्वलनशील सामान असुरक्षित तरीके से रखे मिले, जिससे आग लगने की आशंका बनी हुई थी।

सबसे गंभीर बात यह रही कि जांच के दौरान होटल का फायर सेफ्टी सिस्टम ऑटो मोड पर कार्य नहीं कर पाया। इस पर सीएफओ ने संबंधित प्रबंधन को तत्काल तकनीकी खामियां दूर करने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा टीम ने हरेकृष्ण ऑर्चिड और उद्यान होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान फायर स्टेशन ऑफिसर नरेश पाल सिंह, फायर कर्मी भूदेव सिंह, विक्रम यादव एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नगर के चार होटलों की जांच की गई, जिनमें आग से सुरक्षा संबंधी विभिन्न प्रकार की कमियां सामने आई हैं। सभी होटल संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं तथा उन्हें नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि आग से सुरक्षा के मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *