•एम.ए. दृश्य कला की विष्नावती विश्वकर्मा और एम.ए. भूगोल की श्वेता वर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल कर कॉलेज व जिले का नाम किया रोशन।
निचलौल (महराजगंज)। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान राजेन्द्र प्रसाद तारा चन्द (आरपीटीसी) पीजी कॉलेज, निचलौल की दो मेधावी छात्राओं ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर) की दीक्षांत समारोह-2026 की अंतिम मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से कॉलेज परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
एम.ए. दृश्य कला की छात्रा कुमारी विष्नावती विश्वकर्मा, पुत्री कृष्णनाथ विश्वकर्मा, ने विजुअल आर्ट्स (दृश्य कला) संकाय में कुल 2200 अंकों में से 1778 अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
वहीं, कुमारी श्वेता वर्मा, पुत्री मुन्नीलाल वर्मा, ने एम.ए. भूगोल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 2300 अंकों में से 1733 अंक अर्जित किए तथा भूगोल संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीतने का गौरव हासिल किया।
दोनों छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर एवं निचलौल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। महाविद्यालय प्रबंधन, विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता छात्राओं के कठिन परिश्रम, लगन, अनुशासन और संस्थान की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम है। संस्थान को अपनी इन प्रतिभाशाली बेटियों पर गर्व है।
आरपीटीसी परिवार ने दोनों छात्राओं को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।