67.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अत्याधुनिक सर्किट हाउस का मंत्री संदीप सिंह ने किया निरीक्षण।

Spread the love

मथुरा। प्रदेश के प्रभारी मंत्री एवं बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह ने शनिवार को निर्माणाधीन उच्च स्तरीय सुविधायुक्त सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र यादव सहित उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सर्किट हाउस की लागत, कार्यदायी संस्था तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 67.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा यह सर्किट हाउस उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड की मैनपुरी इकाई, मथुरा द्वारा बनाया जा रहा है। परियोजना का कार्य 10 अक्टूबर 2025 को प्रारंभ हुआ था, जिसे 9 जनवरी 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। सर्किट हाउस का कुल क्षेत्रफल 9,782.62 वर्ग मीटर है।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक परियोजना का लगभग 29 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस पर मंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित सर्किट हाउस में 2 वीवीआईपी कक्ष, 2 वीआईपी कक्ष, 10 जनरल रूम तथा 18 सिंगल सीटर कमरे बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त कॉन्फ्रेंस हॉल, डाइनिंग हॉल, स्टाफ क्वार्टर और डोरमेट्री जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *