•योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का किया गया आह्वान।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रिजर्व पुलिस लाइन, सीतापुर में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित कर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक विकास का भी सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। साथ ही सभी से योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई।
वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाए तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और एक निरोग, स्वस्थ एवं सशक्त समाज की स्थापना की जा सकती है। योग सप्ताह के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी राजा गणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुख रंजन, बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।