•डीएम के निर्देशों के बावजूद तहसील चौराहा और नैमिषारण्य में बदहाल व्यवस्था, कूलर बंद और कर्मचारी नदारद।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। भीषण गर्मी से लोगों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्थापित कूलिंग सेंटर महज औपचारिकता बनकर रह गए हैं। तहसील चौराहा और नैमिषारण्य स्थित ललिता देवी मंदिर के निकट बनाए गए कूलिंग सेंटरों पर व्यवस्थाओं का अभाव साफ दिखाई दे रहा है।
जिलाधिकारी राजा गणपति आर. के निर्देशों के तहत आमजन और राहगीरों को गर्मी से राहत देने के लिए इन केंद्रों की स्थापना की गई थी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। दोनों स्थानों पर केवल दो मटके रखकर व्यवस्था पूरी होने का दावा किया जा रहा है।
कूलिंग सेंटरों के भीतर कुर्सियां तो रखी गई हैं, लेकिन कूलर बंद पड़े हैं। वहीं गर्मी से राहत के लिए पंखों की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं, केंद्रों पर लोगों की सहायता और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कोई कर्मचारी भी तैनात नहीं दिखाई देता।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान ऐसे केंद्रों का उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचाना है, लेकिन पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण ये केंद्र अपनी उपयोगिता खोते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से कूलिंग सेंटरों की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि यदि कूलिंग सेंटरों पर शीतल पेयजल, संचालित कूलर, पंखे और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तो गर्मी से जूझ रहे लोगों को वास्तविक राहत मिल सकेगी।