•केंद्र की जनहितकारी योजनाओं ने बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी : श्रीकांत शर्मा
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा रविवार को केंद्र सरकार के विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मथुरा ब्लॉक परिसर में भव्य जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं भाजपा पदाधिकारियों ने सहभागिता कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा-वृंदावन विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। आज देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर जल योजना तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। सरकार की नीतियों के कारण भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की पहचान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण रही है। पार्टी कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।
जिला महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष ललित गौतम ने शिविर की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जनता और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनते हैं।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया केंद्र सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता और जनसेवा की सतत यात्रा के प्रतीक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं उन्होंने बताया जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा लाभार्थियों को सरकार की उपलब्धियों पर जनजागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।
इस अवसर पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष रामकृष्ण पाठक मंत्री अंकुर गुर्जर दीपक गोला जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा मंडल अध्यक्ष लोकेश निषाद महानगर कार्यकारिणी सदस्य माधव उपमन्यु राकेश तोमर आदि मौजूद थे।