मथुरा। थाना जैत पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार तथा ट्रांसफार्मर चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसफार्मर चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपी जैत माइनर बंबे के रास्ते रामताल रोड की ओर जा रहे हैं और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जैत सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
बताया गया कि रात करीब 11:05 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल उर्फ पुष्पेंद्र (28) पुत्र निवासी ग्राम कोटरा भदान, थाना नगला खंगर, जनपद फिरोजाबाद तथा योगेश उर्फ टीपू (29) निवासी लवकुश नगर, थाना लाइनपार, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। मुठभेड़ में अनिल के बाएं पैर तथा योगेश के दाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो कार, ट्रांसफार्मर के नट-बोल्ट, प्लेटें, रस्सा तथा ट्रांसफार्मर खोलने में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी थाना जैत एवं थाना जमुनापार क्षेत्र में दर्ज ट्रांसफार्मर चोरी के मामलों में वांछित चल रहे थे। घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल वृंदावन भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।