ऑनलाइन बुकिंग के जरिए मिलेगा उर्वरक, सीतापुर में नई व्यवस्था लागू

Spread the love

15 जून से शुरू हुई प्रणाली, निर्धारित दरों पर किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।

सीतापुर। जनपद के किसानों को निर्धारित दरों पर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। 15 जून 2026 से उर्वरकों का वितरण ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है।

इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा जनपद के सभी फुटकर उर्वरक विक्रेताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्वरक वितरण व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने कहा कि किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक बिक्री एवं वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूले जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी विक्रेताओं से ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली का प्रभावी ढंग से पालन करने तथा किसानों को प्रक्रिया की जानकारी देने का भी निर्देश दिया। प्रशासन को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को समय पर आवश्यक खाद उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *