शिक्षक हित सर्वोपरि, समस्याओं के समाधान में नहीं होगी देरी : शिवा लाल

Spread the love

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट, अवकाश, कैशलेस चिकित्सा और चार्टर व्यवस्था समेत कई मुद्दे उठाए।

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नवागत संयुक्त शिक्षा निदेशक, मुरादाबाद मंडल, शिवा लाल से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा।

प्रांतीय उपाध्यक्ष विमलेंद्र विमल ने शिक्षकों की समस्याओं से संयुक्त शिक्षा निदेशक को अवगत कराते हुए मांग की कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को नियमानुसार अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए। साथ ही सरकार द्वारा घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को शीघ्र लागू कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

मंडल मंत्री अरुण शर्मा ने पूरे मंडल में चार्टर व्यवस्था लागू किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के विभिन्न प्रकरण बिना किसी उचित कारण के लंबे समय तक लंबित रहते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

संयुक्त शिक्षा निदेशक शिवा लाल ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़े मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रांतीय कोषाध्यक्ष महेश चंद शर्मा, प्रांतीय मंत्री सुधीर अग्रवाल, जे.पी. सिंह, कार्यकारिणी सदस्य नवाब हसन, मंडल उपाध्यक्ष श्याम बाबू शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला अध्यक्ष बिजनौर सोमदेव सिंह, जिला अध्यक्ष संभल नसीम हुसैन, जिला मंत्री बिजनौर वसीम सिद्दीकी, जिला कोषाध्यक्ष संभल डॉ. मोहम्मद तालिब, प्रांतीय प्रतिनिधि संभल शकील अहमद तथा तस्लीम अहमद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *