•फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को रक्त से लिखा पत्र, प्रबंधन व्यवस्था पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। संत दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रक्त से पत्र लिखकर मंदिर के आय-व्यय और चढ़ावे की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
फलाहारी महाराज ने आरोप लगाया है कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने दावा किया कि मंदिर की गुल्लकें खोले जाने के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं, जिससे प्रक्रिया की निगरानी प्रभावित होती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़े कुछ लोगों की आर्थिक स्थिति में असामान्य वृद्धि हुई है और उनकी संपत्तियों की जांच कराई जानी चाहिए। महाराज के अनुसार मंदिर प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों और पदाधिकारियों की उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अर्जित संपत्तियों की जांच आवश्यक है।
फलाहारी महाराज ने कहा कि मंदिर में प्राप्त होने वाले चढ़ावे और दान की राशि का उपयोग जनहित के कार्यों, जैसे अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना में किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि मुख्यमंत्री स्वयं मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था की निगरानी करें।
महाराज ने छप्पन भोग, फूल बंगला तथा अन्य व्यवस्थाओं में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकरण की सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हुए नई याचिका दाखिल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ये सभी आरोप दिनेश फलाहारी महाराज द्वारा लगाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। यदि प्रबंधन की ओर से कोई पक्ष सामने आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।