मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित।

Spread the love

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सुरक्षा, यातायात एवं मूलभूत सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा।

मथुरा। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा शहर मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं मुहर्रम कमेटी के प्रतिनिधियों ने आपसी सहयोग, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर हजरत इमाम हुसैन की महान कुर्बानी को याद करते हुए उनके सत्य, न्याय, सब्र और इंसानियत के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

बैठक में शहर मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष भूरा शेख, सचिव अबरार वारसी, विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा मुहर्रम कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने मुहर्रम के दौरान शांति, सद्भाव और अनुशासन बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *