बिगड़ैल सांड का आतंक, बचाने गए युवक समेत अधेड़ को पटककर किया गंभीर रूप से घायल।

Spread the love

गोरखपुर। सहजनवा तहसील क्षेत्र के घघसरा नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-4 (पंडित दीनदयाल नगर बिसरी गांव) में बुधवार को एक बिगड़ैल सांड का खौफनाक तांडव देखने को मिला। मवेशियों पर हमला कर रहे सांड को भगाने गए एक अधेड़ किसान पर सांड ने जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब एक स्थानीय युवक उन्हें बचाने दौड़ा, तो सांड ने उस पर भी हमला कर लहूलुहान कर दिया। मौके पर भारी संख्या में लाठी-डंडा लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने बमुश्किल सांड को खदेड़ा और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भर्ती कराया, जहां अधेड़ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिसरी गांव में बुधवार सुबह करीब 50 वर्षीय किसान विद्याधर त्रिपाठी अपने मवेशियों को एक बिगड़ैल सांड से पिटते देख उसे भगाने के लिए ईंट लेकर दौड़े थे। इसी बीच सांड ने गाय को छोड़कर सीधे विद्याधर पर हमला बोल दिया और उन्हें हवा में उठाकर जमीन पर पटक-पटक कर मारने लगा। विद्याधर की चीख-पुकार सुनकर पास में ही मौजूद 25 वर्षीय युवक प्रीतम पांडेय उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन गुस्से से तमतमाए सांड ने प्रीतम को भी अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें भी मारकर घायल कर दिया। ग्रामीणों के भारी विरोध और लाठी-डंडों के प्रहार के बाद ही सांड वहां से भागा।

गौशाला व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत घघसरा में छुट्टा पशुओं को व्यवस्थित करने के लिए कोई ठोस मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गई है। वर्तमान में बिसरी गांव में करीब एक दर्जन सांडों का झुंड घूम रहा है, जो न सिर्फ किसानों की धान की नर्सरी को रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि पालतू पशुओं को भी मारकर घायल कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस झुंड में दो सांड बेहद आक्रामक और बिगड़ैल हो चुके हैं, जो अब तक करीब आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों को हमला कर घायल कर चुके हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खेतों की तरफ जाने से कतरा रहे हैं। पीड़ित ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इन बिगड़ैल सांडों को तत्काल पकड़वाकर गौशाला केंद्र भेजा जाए, ताकि जान-माल की सुरक्षा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *