बांके बिहारी के दर्शन कर मंत्री मनोज पाण्डेय ने की प्रदेश की खुशहाली की कामना।

Spread the love

कहा—सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य, जैविक खेती अपनाने का किया आह्वान

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने धर्मनगरी वृन्दावन पहुंचकर ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की।

मंत्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ऑर्गेनिक फार्मिंग से भूमि की उर्वरता बढ़ती है और लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वस्थ खाद्य पदार्थ उपलब्ध होते हैं। सरकार किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ने बताया कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *