रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी महानगर मथुरा द्वारा बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के थीम के अंतर्गत 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महानगर के सभी 12 मंडलों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, गणेशरा में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।







कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मथुरा-वृंदावन विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अमूल्य उपहार है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व इसकी महत्ता को स्वीकार कर रहा है।
विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। नियमित योग व्यक्ति को स्वस्थ रखकर राष्ट्र निर्माण में उसकी सहभागिता को सशक्त बनाता है।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि योग स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ की भावना के साथ महानगर के सभी 12 मंडलों में योग शिविर आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में योग एक वैश्विक जनआंदोलन के रूप में स्थापित हुआ है।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग विश्व के 190 से अधिक देशों तक पहुंच चुका है। भाजपा कार्यकर्ता योग और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। जिले एवं महानगर के पदाधिकारी अपने-अपने मंडलों में प्रभारी के रूप में उपस्थित रहे और योग दिवस के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।