रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। गोकुल बैराज के समीप एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में बीते रविवार शाम को सदर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। आरोपित पक्ष ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्रकार और अन्य मौजूद पत्रकारों के समक्ष लिखित रूप से माफी मांगी।
जानकारी के अनुसार, एक टेम्पो चालक और उसके साथियों पर पत्रकार गिरीश के साथ अभद्रता एवं मारपीट का आरोप लगाया गया था। घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों में रोष व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में पत्रकार मामले को लेकर एकजुट हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष सदर थाने पहुंचे। यहां आरोपित पक्ष अपने परिजनों के साथ उपस्थित हुआ और कथित घटना पर खेद व्यक्त करते हुए लिखित रूप से माफी मांगी।
पत्रकारों ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आरोपितों के परिजनों द्वारा भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने का आश्वासन दिए जाने के बाद आपसी सहमति से मामला समाप्त कर दिया गया।
इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार समाज सदैव सत्य और न्याय के पक्ष में खड़ा रहता है तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को भी प्राथमिकता देता है।