भूमि विवाद और कथित भूमाफिया प्रकरण को लेकर किसानों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन।

Spread the love

महराजगंज। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेंदुआहिया के किसानों ने भूमि विवाद एवं कथित भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से चल रहे मामले में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे प्रभावित किसानों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन में किसानों ने कहा कि ग्राम तेंदुआहिया की भूमि से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, किसानों के नाम पर की गई कथित फर्जीवाड़े की जांच, जमीन संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन तथा भूमाफियाओं की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है।

भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष रामआशीष के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि गांव के किसान 11 जून 2026 से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों ने विवादित भूमि की जांच कर वास्तविक पात्रों को कब्जा दिलाने तथा पूरे मामले की पारदर्शी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि पूर्व में हुई जांचों में पारदर्शिता नहीं बरती गई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। किसानों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित किसानों को न्याय दिलाने की मांग की है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *