महराजगंज। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ, नगर पालिका परिषद महराजगंज इकाई ने नगर क्षेत्र में सफाई कर्मियों के दोपहिया वाहनों का चालान किए जाने के विरोध में पुलिस अधीक्षक महराजगंज को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि सफाई कर्मियों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिदिन विभिन्न वार्डों और नगर पालिका कार्यालय के बीच आवागमन करना पड़ता है, ऐसे में लगातार चालान की कार्रवाई उनके लिए परेशानी का कारण बन रही है।
संघ के अध्यक्ष ऋषभ दुबे ने ज्ञापन में बताया कि सफाई कर्मियों का मासिक वेतन सीमित है, जबकि चालान की राशि 1000 से 2000 रुपये तक होने के कारण उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मई-जून माह में कई कर्मचारियों के वाहनों का चालान किया जा चुका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सफाई कर्मी जनहित में आवश्यक सेवाएं प्रदान करते हैं और उनके आवागमन पर अत्यधिक कार्रवाई से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। संघ ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सफाई कर्मियों के कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि नगर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे।
संघ ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय करेगा।