राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कांग्रेस का प्रदर्शन, एफआईआर व निष्पक्ष जांच की उठाई मांग।

Spread the love

संतकबीर नगर। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावा एवं दान से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को विरोध दर्ज कराते हुए राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडे के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, तत्काल एफआईआर दर्ज किए जाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर में चढ़ावे और दान से संबंधित कथित अनियमितताओं की खबरों ने जनमानस की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। सरकार द्वारा मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन तो किया गया है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज न होने से जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडे ने कहा कि इतने संवेदनशील मामले में केवल जांच समिति गठित कर देना पर्याप्त नहीं है। यदि सरकार वास्तव में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है तो सबसे पहले मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस प्रकरण में पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। कांग्रेस ने मांग की कि दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें दंडित किया जाए।
इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर पार्टी की मांगों का समर्थन किया और सरकार से मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *