केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। खलीलाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पचदेउरा के मकान गणना के ऑफलाइन नक्शे में कथित तकनीकी त्रुटि का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत का कोड बदलकर पड़ोसी गांव का कोड दर्ज किए जाने से ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है। मामले को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय के नेतृत्व में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल त्रुटि सुधार की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार ग्राम पंचायत पचदेउरा की जनसंख्या 1831 है तथा उसका वास्तविक ग्राम कोड 182480 है। जबकि हाल ही में मकान गणना के लिए जारी ऑफलाइन नक्शे में पचदेउरा का कोड 182438 अंकित कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोड दक्षिण दिशा में स्थित पड़ोसी गांव पचदेउरी का है। उनका आरोप है कि इस तकनीकी चूक के कारण भविष्य में सरकारी योजनाओं, जनगणना, राजस्व अभिलेखों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संदीप कुमार ने बताया कि इस त्रुटि की जानकारी प्रशासन को पहले भी कई बार दी जा चुकी है। 29 मई 2026 को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) खलीलाबाद को तथा 1 जून और 16 जून 2026 को जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने जिलाधिकारी से मांग की कि ग्राम पचदेउरा के ऑफलाइन नक्शे में दर्ज गलत कोड को तत्काल संशोधित कर वास्तविक ग्राम कोड दर्ज कराया जाए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को किसी प्रकार की प्रशासनिक या राजस्व संबंधी कठिनाई का सामना न करना पड़े। ज्ञापन की एक प्रति आवश्यक कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी खलीलाबाद को भी प्रेषित की गई।