बस्ती। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को महारानी दुर्गावती का 462वां बलिदान दिवस जिलाध्यक्ष एवं सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव की अध्यक्षता में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके अद्वितीय साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया।

कार्यक्रम में लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड में छात्रों एवं कर्मचारियों की मृत्यु पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया। पार्टी नेताओं ने सरकार से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा मृतकों के परिजनों को समुचित मुआवजा देने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की ऐसी वीरांगना थीं, जिन्होंने मातृभूमि और अपने राज्य की रक्षा के लिए मुगल सेना से वीरतापूर्वक युद्ध किया और अंत तक संघर्ष करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को उनके त्याग, साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
विधायक राजेन्द्र चौधरी और कविन्द्र चौधरी अतुल ने कहा कि महारानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को चंदेल राजवंश के कालिंजर किले में हुआ था। उन्होंने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से भारतीय इतिहास में अमिट छाप छोड़ी, लेकिन उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसकी वे वास्तविक रूप से अधिकारिणी थीं।
मो. उमर, अरविन्द यादव, मो. सलीम, रन बहादुर यादव, कैलाश शर्मा, जमील अहमद, गुलाब सोनकर, शनि मिश्रा, राजेश यादव एडवोकेट, सुशील यादव एवं अभिषेक यादव ने कहा कि गोंडवाना की रक्षा के लिए महारानी दुर्गावती ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रशान्त यादव, राजेन्द्र यादव, निसार अहमद, चन्द्र प्रकाश चौधरी, कुलदीप मौर्य, सत्येन्द्र सिंह, मान सिंह यादव, विवेक यादव, वैजनाथ शर्मा, राम सिंह यादव, अशोक यादव, रिन्टू यादव, मो. युनूस आलम, जोखूलाल यादव, मुरलीधर पाण्डेय, राजाराम यादव, घनश्याम यादव, नित्यराम चौधरी, देवनाथ यादव, जान मोहम्मद, निजामुद्दीन, आशुतोष पाण्डेय, अमित सिंह सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।