सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई सिद्धार्थनगर द्वारा बुधवार को जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य की अध्यक्षता में राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी की जिला कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार 23 जून 2026 (बलिदान दिवस) से 6 जुलाई 2026 (जन्म जयंती) तक “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पक्ष” का आयोजन किया जाएगा। यह वर्ष डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शिवनाथ चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता डॉ. मुखर्जी के सपनों के भारत के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा और राष्ट्र सेवा का भाव ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि संगठन की मजबूती,अनुशासन एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पण ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी ‘लाल बाबा’ ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति एवं सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज एवं राष्ट्र की सेवा में निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री फतेहबहादुर सिंह ने किया। कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों तथा बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक अजय उपाध्याय, सहसंयोजक उदय पाल वर्मा बजरंगी वर्मा के साथ ही आशीष शुक्ला, विजयकांत, विपिन सिंह, फूलचंद जायसवाल, राजू शाही, अशोक अग्रहरि सहित जिले के समस्त पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडलों के संयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे