रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को विकास खंड मिश्रिख के आंगनबाड़ी केंद्र ढल्लिया में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से गांव की जनसंख्या, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी), ड्यू लिस्ट रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वैक्सीनेशन की प्रगति की भी समीक्षा की। विभागीय अभिलेखों में त्रुटियां पाए जाने पर संबंधित एएनएम के विरुद्ध चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने वैक्सीनेशन किट एवं आइस बॉक्स का भी निरीक्षण कर उनकी उपलब्धता और गुणवत्ता की जांच की। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से विभागीय अभिलेखों का गहन अवलोकन करते हुए वीएचएसएनडी सत्र की तैयारियों तथा पुष्टाहार वितरण की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, एएनएम एवं आशा कार्यकत्रियों को निर्देशित किया कि कोई भी गर्भवती महिला अथवा शिशु टीकाकरण से वंचित न रहे। सभी पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।